सक्ती (ट्रैक सिटी)/ जिले में अब मैनुअल (भौतिक) चालान व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। इसके स्थान पर ई-कोष पोर्टल के माध्यम से ई-चालान प्रणाली लागू कर दी गई है, जिससे शासकीय राजस्व जमा की प्रक्रिया अब पूर्णतः ऑनलाइन हो जाएगी। जिला कोषालय सक्ती के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से ओटीसी (ओवर द काउंटर) चालान जमा करने संबंधी विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नई ऑनलाइन व्यवस्था के प्रति संबंधित अधिकारियों को जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। प्रशिक्षण में बताया गया कि 01 अप्रैल 2026 से मैनुअल चालान पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं और अब सभी चालान केवल ई-चालान के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ओटीसी सुविधा के तहत चालान का विवरण सीधे ऑनलाइन बैंक को भेजा जाएगा, जिससे बैंक स्तर पर दोबारा एंट्री की आवश्यकता समाप्त होगी और समय की बचत होगी। जिला कोषालय अधिकारी ने बताया कि बैंक काउंटर पर केवल वही चालान स्वीकार किए जाएंगे, जो ऑनलाइन जनरेट किए गए हों और जिनमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (टीआरएन) अंकित हो। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नई व्यवस्था को समय पर और प्रभावी ढंग से लागू करना सुनिश्चित करें। इस डिजिटल प्रणाली के लागू होने से कार्यों में तेजी आएगी, त्रुटियों में कमी होगी तथा राजस्व जमा की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुगम बनेगी। इस अवसर पर विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं आहरण-संवितरण अधिकारी उपस्थित थे।
Leave a Reply

