कोरबा (ट्रैक सिटी)/ छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने एलबी संवर्ग के शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर मंगलवार, 25 अगस्त को मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, मुख्य सचिव सहित संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
मोर्चा ने ज्ञापन में सेवारत शिक्षकों के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त कर सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट द्वारा TET के लिए 31 अगस्त 2028 तक दिए गए समय का हवाला देते हुए पदोन्नति में TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग रखी गई है।
इसके अलावा एलबी संवर्ग के शिक्षकों की पूर्व सेवा की गणना पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से करने, पूर्ण पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग में लागू सभी लाभ देने की मांग की गई है। शिक्षकों की लंबित वेतन विसंगतियों को दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान संरचना के आधार पर वेतन निर्धारण की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
मोर्चा ने 13 फरवरी 2026 को जारी छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग) भर्ती एवं पदोन्नति नियम के राजपत्र में आवश्यक संशोधन करने की मांग की है, ताकि एलबी संवर्ग के शिक्षकों के हितों की रक्षा हो सके।
वहीं, बीएड प्रशिक्षित नहीं हो सके शिक्षक संवर्ग के लिए शिक्षा विभाग द्वारा योजना बनाकर ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड प्रशिक्षण कराने की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में मोर्चा ने शासन से सभी मांगों और समस्याओं का त्वरित निराकरण कर आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया है। इस दौरान छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के कोरबा जिला संयोजक मनोज चौबे, वेदव्रत शर्मा और नित्यानंद यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

