बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोटा थाना क्षेत्र में रेलवे कर्मचारी से कलेक्शन राशि की झपटमारी और घर में घुसकर हथियार की नोक पर सोने के जेवर लूटने के मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त आर्टिका कार CG 10 BL 1645, प्लेटिना मोटरसाइकिल CG 10 EN 4637 और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से ₹7,430 की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को सलका डैम के पास अज्ञात आरोपियों ने धक्का देकर गिराया और बैग झपटकर फरार हो गए थे। मामले में थाना कोटा में अपराध क्रमांक 559/2026 धारा 304(2), 3(5) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
वहीं 18 जुलाई 2026 को बुर्का पहनकर आरोपियों ने राजकुमारी जायसवाल के घर में घुसकर मारपीट की और हथियार दिखाकर करीब ₹50 हजार के सोने के आभूषण लूट लिए थे। इस मामले में भी थाना कोटा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर राकेश जायसवाल, दिव्यांशु जायसवाल, आदर्श तिवारी, हर्ष नामदेव, हर्ष सोनी और सनी सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक राकेश जायसवाल इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड था। उसने दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर दोनों घटनाओं की योजना बनाई। आरोप है कि वारदात के लिए पिस्टल की व्यवस्था सनी सिंह के माध्यम से की गई, जो आरोपियों को रीवा ले गया और वहां अपने भाई से पिस्टल दिलवाई।
लूटे गए सोने के आभूषणों को कथित तौर पर हर्ष नामदेव की मदद से ज्वेलरी दुकान संचालक हर्ष सोनी को बेचकर रकम हासिल की गई।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को पुलिस ने मेमोरेंडम कथन एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, एएसआई शिव कुमार साहू, एएसआई भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक संजय श्याम सहित थाना कोटा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए नगद इनाम की घोषणा की है।

