बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के योगदान को किया याद, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली संविधान की शपथ
कोरबा (ट्रैक सिटी)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रशासनिक भवन के प्रांगण में अपराह्न 12 बजे आयोजित हुआ, जिसमें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पठन कराया। इसके साथ ही उन्होंने सभी को संविधान के प्रति निष्ठा, सम्मान और उसके मूल सिद्धांतों का पालन करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यक्षेत्र में संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करने, कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा संस्थान की कार्यप्रणाली में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश्वरी रावत, सुनील सरना, जी.पी. भगत सहित ताप विद्युत गृह के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान दिवस की शपथ लेकर भारतीय संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

