कोरबा

कोरबा में विश्व ऑस्टियोपोरोसिस दिवस पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर 27 मरीज हुए लाभान्वित।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। विश्व ऑस्टियोपोरोसिस दिवस (विश्व अस्थिसुषिरता दिवस) के अवसर पर 20 अक्टूबर को कोरबा के निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आयोजित इस शिविर में 27 मरीज लाभान्वित हुए। इस दौरान मरीजों की हीमोग्लोबिन, विटामिन डी, कैल्शियम और ब्लड शुगर की जांच करने के साथ ही आयुर्वेद, पंचकर्म, एक्युप्रेशर एवं योग संबंधी परामर्श दिया गया।

शिविर का आयोजन आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद, आरोग्य भारती एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि ऑस्टियोपोरोसिस एक ऐसी बीमारी है, जिसमें हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है और वे कमजोर हो जाती हैं। इसके कारण मामूली चोट लगने या गिरने पर भी हड्डियों में फ्रैक्चर होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र, शारीरिक निष्क्रियता, कैल्शियम एवं विटामिन डी की कमी, असंतुलित खानपान और खराब जीवनशैली से ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम बढ़ सकता है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि लंबे समय तक शारीरिक गतिविधियों से दूर रहना हड्डियों की मजबूती को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन भी हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने लोगों को नियमित व्यायाम करने, संतुलित आहार लेने और कैल्शियम तथा विटामिन डी से भरपूर खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि हड्डियों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए नियमित दिनचर्या और शारीरिक सक्रियता आवश्यक है। विटामिन डी की पर्याप्त उपलब्धता के लिए सुरक्षित तरीके से धूप लेना भी लाभकारी हो सकता है। उन्होंने लोगों से हड्डियों से संबंधित समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की।

शिविर में श्री डायग्नॉस्टिक पैथो लैब के सहयोग से विटामिन डी और कैल्शियम की जांच की गई। इसके अलावा हीमोग्लोबिन एवं रक्त शर्करा की निःशुल्क जांच की गई। आयोजकों के अनुसार, मरीजों को मधुमेह से संबंधित औषधियां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपयोगी स्वास्थ्य पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।

शिविर के सफल आयोजन में श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के डायरेक्टर शिव जायसवाल, सचिव प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष सुधीर सक्सेना, उपाध्यक्ष गजेंद्र राठौड़, कार्यकारिणी सदस्य नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, लैब इंचार्ज कंवल चंद्रा, पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ, सैल कुमारी निषाद, मनीष कौशिक, तोरेंद्र सिंह, महेंद्र साहू, देवबली कुंभकार, राजेश प्रजापति, सिद्धराम साहनी, गुनगुना राठिया, अनुराग कंवर, वीरेंद्र सोनी एवं बबलू सोनी सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button