कोरबा

खेत में धान देखने गए दो बच्चों पर भालू का हमला, दोनों गंभीर घायल

कोरबा(ट्रैक सिटी)। लेमरू वन परिक्षेत्र के ग्राम छातीबाहर से इस वक्त भालू के हमले की घटना सामने आई है। खेत में धान की फसल देखने गए दो मासूम बच्चों पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों बच्चे बुरी तरह घायल हो गए हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे अपने खेत में धान की फसल देखने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका सामना अचानक एक भालू से हो गया। बच्चे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के ताबड़तोड़ हमले में दोनों बच्चे घायल हो गए।

घटना के बाद किसी तरह इसकी जानकारी परिजनों तक पहुंची। परिजन तत्काल दोनों घायल बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कोरबा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। बच्चों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आने की जानकारी सामने आ रही है।

घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही को देखते हुए खेतों और गांव के आसपास वन विभाग की निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू की मौजूदगी का पता लगाने, प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। घटना को लेकर वन विभाग की ओर से आधिकारिक एवं विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button