कोरबा

आप के प्रदेश प्रवक्ता बने आनंद सिंह, संगठन में नई जिम्मेदारी

कोरबा (ट्रैक सिटी)। आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत वरिष्ठ एवं समर्पित नेता आनंद सिंह को पार्टी का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर से कोरबा सहित प्रदेशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
आनंद सिंह अन्ना आंदोलन के दौर से ही भ्रष्टाचार के खिलाफ और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय से ही वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।


संगठन में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी
पार्टी में उनके लंबे सांगठनिक अनुभव, कार्यकुशलता और सक्रियता को देखते हुए इससे पहले उन्हें प्रदेश संगठन मंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दी गई थी। इस भूमिका में उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय में काम किया।
अब प्रदेश प्रवक्ता की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पार्टी को उम्मीद है कि वे संगठन के पक्ष, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को मीडिया तथा आम जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आनंद सिंह की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता का लाभ संगठन को मिलेगा। कार्यकर्ताओं का मानना है कि नई जिम्मेदारी से पार्टी के जनसरोकारों को प्रदेश स्तर पर और मजबूती से सामने रखने में मदद मिलेगी।
आनंद सिंह ने जताया नेतृत्व का आभार
नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता आनंद सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि अन्ना आंदोलन के समय से ही भ्रष्टाचार और व्यवस्था परिवर्तन के लिए संघर्ष जारी है। प्रदेश प्रवक्ता के रूप में आम जनता की आवाज, उनकी समस्याओं और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को पूरी निष्ठा और प्रखरता के साथ उठाने का प्रयास करेंगे।
आनंद सिंह की नियुक्ति पर कोरबा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के आप पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनकी नई भूमिका से संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित के मुद्दों को प्रदेश स्तर पर नई धार मिलेगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button