कोरबा

कैशलेस चिकित्सा सुविधा को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर फेडरेशन ने जताया सरकार का आभार

 

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी) छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों तथा उनके परिवारों के लिए बहुप्रतीक्षित कैशलेस चिकित्सा सुविधा को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी एवं  स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल  के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

छ ग कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के लाखों कर्मचारियों, अधिकारियों एवं उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। गंभीर बीमारी अथवा आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में उपचार के लिए तत्काल बड़ी धनराशि की व्यवस्था करने की चिंता कम होगी। कर्मचारी हित में लिया गया यह निर्णय चिकित्सा सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। फेडरेशन के सदस्यों ने शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि कर्मचारियों, अधिकारियों एवं पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का वास्तविक लाभ मिल सके।

फेडरेशन जिला शाखा कोरबा के महासचिव ओमप्रकाश बघेल ने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश के कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन पूर्व से ही निरंतर संघर्षरत रहा है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा इन प्रमुख मांगों में शामिल थी। फेडरेशन ने इस मांग को पूरा करने की दिशा में शासन द्वारा लिए गए निर्णय को कर्मचारी संगठनों के निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण एवं सार्थक परिणाम बताया।

फेडरेशन के सम्बद्ध सभी संगठनों के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि शासन भविष्य में भी कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए उनके हितों को प्राथमिकता देगा।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button