कोरबा (ट्रैक सिटी)। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरमुड़ा के पास 8 अगस्त को मिले अज्ञात महिला के जले हुए शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में ग्राम अमलडिहा निवासी किरण कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका कथित साथी अजय कुमार धनवार फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर थाना कटघोरा एवं साइबर पुलिस टीम को मामले की जांच और मृतिका की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस टीम ने घटनास्थल पर कैंप कर जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नितेश कुमार ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना कटघोरा और साइबर थाना कोरबा की संयुक्त टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू की। गुम इंसान प्रकरणों और मृतिका के हुलिए के आधार पर पहचान के प्रयास किए गए। जांच के दौरान पता चला कि ग्राम अमलडिहा निवासी एक महिला शुक्रवार रात से लापता थी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान की दिशा में जांच आगे बढ़ाई।
दोनों संदिग्धों को महिला के साथ देखा गया था
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना से पहले शाम को किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल और अजय कुमार धनवार को महिला के साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई। घटना के बाद दोनों संदिग्ध फरार हो गए थे।
तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, प्रारंभ में उसने घटना में संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ किए जाने पर उसने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की।
शारीरिक संबंध को लेकर विवाद, फिर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। पुलिस का दावा है कि इसके बाद महिला और अजय धनवार के बीच पूर्व संबंध होने के कारण शारीरिक संबंध बने। बाद में किरण कुमार पटेल द्वारा भी महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किए जाने पर विवाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई और दोनों मौके से फरार हो गए।
एक गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार
पुलिस ने मामले में किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल, निवासी ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार, निवासी अमलडिहा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा फरार है।
पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में तकनीकी, वैज्ञानिक, भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का संकलन कर उनका विश्लेषण किया जा रहा है। प्रकरण में विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Leave a Reply

