कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले में एक तेज रफ्तार कार चालक ने एक बाइक सवार को जबरदस्त ठोकर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के सूचना पुलिस को दी गई लेकिन सूचना के बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई। इसके बाद आसपास के लोगों द्वारा घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
यह पूरी घटना वीआईपी मार्ग पर आईटीआई चौक के निकट सीएसईबी कॉलोनी पानी टंकी मुख्य मार्ग में आज सुबह हुआ है। जहां सीएसईबी कॉलोनी के आंतरिक मार्ग से ब्रेकर को पार करते हुए एक बाइक जैसे ही मुख्य सड़क पर पहुंची आईटीआई चौक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने ठोकर मार दी। घटना के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इस घटना की सूचना डायल 112 की टीम को दी, लेकिन सूचना मिलने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। आनन फानन में आसपास के लोगों द्वारा घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। इस बीच दुर्घटनाकारित कार का चालक वहां से क्षतिग्रस्त वाहन को मरम्मत कराने के लिए लेकर चला गया।
बताया गया कि एनटीपीसी निवासी बालको कर्मी अरविंद सिंह अपनी मोटरसाइकिल हीरो डीलक्स क्रमांक (CG 12 BM 5213) पर सवार होकर सीएसईबी कॉलोनी से निकालकर मुख्य सड़क से होते हुए बालको जाने के लिए रवाना हुआ था। सीएसईबी कॉलोनी पानी टंकी मार्ग से ब्रेकर को पार कर वह सड़क पर पहुंचा ही था कि मारुति सुजूकी कार क्रमांक (CG 12 AX 2878) के चालक कटघोरा निवासी ने बाइक को टक्कर मार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी और बाइक को टक्कर मारते ही उस पर सवार अरविंद हवा में उछल कर कार के कांच के ऊपर गिर पड़ा और गम्भीर रूप से घायल हो गया।
*रायपुर जाने निकले थे कार सवार सभी*
बताया गया कि कार सिंचाई कॉलोनी निवासी इरिगेशन विभाग में कार्यरत एसएस जगत की है। जगत गोंडवाना समाज की बैठक में शामिल होने के लिए परिवार और अन्य लोगों के साथ अलग-अलग वाहन में रायपुर के लिए निकले थे। दुर्घटनाकारित कार को उनका रिश्तेदार हरपाल चल रहा था और उसमें पांच लोग सवार थे जबकि एक अन्य कार में पारिवारिक सदस्य,महिलाएं भी बैठे हुए थे।

