कोरबा (ट्रैक सिटी)। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पूर्व में गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे लोगों को थाने बुलाकर कड़ी हिदायत दी गई।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 से 15 अगस्त 2026 तक हत्या, हत्या के प्रयास, धारदार हथियार से हमला, चाकूबाजी सहित अन्य गंभीर एवं हिंसक घटनाओं में संलिप्त रहे आरोपियों, गुंडे-बदमाशों तथा संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को चिन्हांकित किया गया है। ऐसे लोगों को थाना और चौकी स्तर पर बुलाकर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आगामी त्यौहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, विवाद, मारपीट या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
200 से अधिक लोगों की कराई गई परेड
पुलिस की इस विशेष कार्रवाई के दौरान जिले के अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में 200 से अधिक लोगों को थाने बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनकी मौजूदगी दर्ज करने के साथ ही उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। पुलिस की ओर से ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की बात भी कही गई है।
हथियारबाजी और हिंसा पर विशेष नजर
त्योहारों के दौरान अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बढ़ने और चाकूबाजी अथवा मारपीट जैसी घटनाओं की आशंका रहती है। इसे देखते हुए पुलिस ने पूर्व में हत्या, हत्या के प्रयास, चाकू अथवा धारदार हथियार से हमला जैसे मामलों में शामिल रहे लोगों पर विशेष निगरानी शुरू की है।
पुलिस का उद्देश्य किसी भी संभावित विवाद या अपराध को घटना से पहले ही रोकना है। इसके लिए थाना स्तर पर अपराधियों का रिकॉर्ड खंगालने के साथ उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
त्योहारों में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने, हथियार लेकर घूमने, मारपीट अथवा किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई को आगामी त्यौहारों के मद्देनजर प्रिवेंटिव पुलिसिंग के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का संदेश साफ है—त्योहार मनाइए, लेकिन कानून हाथ में लेने की कोशिश की तो कार्रवाई तय है।
