रायपुर

पुलिस की दबिश से आरोपी ने किया न्यायालय में आत्मसमर्पण

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। आमानाका थाना क्षेत्र में कार चढ़ाकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के चलते आरोपी भरत मंगनानी ने 18 अगस्त 2026 को न्यायालय परिसर पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को थाना आमानाका में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि प्रार्थी के भांजे परमजीत रणगण्ही की आरोपी भरत मंगनानी ने जानबूझकर कार चढ़ाकर हत्या कर दी। बताया गया कि परमजीत की शादी की बातचीत शिखा साहू से चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा साहू अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी।
गुरुद्वारा के पास शिखा साहू और परमजीत की मुलाकात के दौरान भरत मंगनानी भी मौजूद था। बातचीत के दौरान परमजीत और भरत के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद भरत ने हत्या की नीयत से तेज गति से कार चलाकर परमजीत को कुचल दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के बाद परमजीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से उसकी तलाश की। पुलिस की लगातार कार्रवाई और बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस रिमांड में आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button