कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के पाली तहसील के सिल्ली ग्राम पंचायत के अंतर्गत गुनघुट्टी पारा के ग्रामीण इन दिनों जमीन को लेकर परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि परसदा पंचायत क्षेत्र में मंडी निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से वर्षों से जिस जमीन पर उनके परिवार खेती-किसानी करते आ रहे हैं, वहां से उन्हें हटाए जाने की स्थिति बन रही है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अपनी परेशानी बताई।

ग्रामीण विजय कुमार के अनुसार 50 से 60 वर्षों से भी लंबे समय से संबंधित जमीन पर काबिज हैं। उनका कहना है कि उनके पूर्वज भी पीढ़ियों से इस जमीन पर खेती करते आए हैं। दादा-परदादा के समय से जमीन पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण किया जा रहा है। वर्तमान में भी कुछ ग्रामीणों की जमीन पर धान की फसल लगी हुई है, जबकि कुछ लोग गेहूं की खेती की तैयारी कर सिंचाई कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर वे वर्षों से खेती कर रहे हैं, वहां परसदा पंचायत की ओर से मंडी निर्माण कराया जा रहा है। मंडी का काम शुरू होने के बाद उन्हें अपनी जमीन और आजीविका छिनने की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों के मुताबिक, फिलहाल तीन लोगों की जमीन प्रभावित होने की स्थिति बताई जा रही है, जबकि पहले एक व्यक्ति की जमीन को लेकर भी कार्रवाई की जा चुकी है।

ग्रामीण रामावतार भार्गव ने बताया कि उनके पूर्वजों के समय से ही परिवार इस जमीन पर खेती करता आ रहा है। अब मंडी निर्माण के चलते उन्हें वहां से हटने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास आजीविका का दूसरा कोई साधन नहीं है। खेती की जमीन ही उनके परिवार के जीवनयापन का एकमात्र सहारा है। यदि उन्हें जमीन से हटा दिया गया तो परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें मंडी निर्माण के लिए जमीन खाली करने की सूचना दी गई थी। इसके बाद वे अपनी समस्या लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी वर्षों से काबिज जमीन और खेती की स्थिति को देखते हुए मामले की जांच कर उचित समाधान निकाला जाए।

हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार अधिकारियों की ओर से उन्हें बताया गया कि संबंधित जमीन शासकीय है और इस मामले में प्रशासन कुछ नहीं कर सकता। इस जवाब से ग्रामीण निराश हैं। उनका कहना है कि यदि जमीन शासकीय है, तब भी वर्षों से खेती कर रहे परिवारों की आजीविका और उनके पुनर्वास अथवा वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।

अब ग्रामीणों की मांग है कि मंडी निर्माण की प्रक्रिया के बीच उनकी समस्या का निराकरण किया जाए, ताकि वर्षों से खेती कर परिवार पाल रहे लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा न हो। वहीं, इस मामले में जमीन के राजस्व रिकॉर्ड, कब्जे की स्थिति और मंडी निर्माण के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

