31 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करने की मांग
कोरबा (ट्रैक सिटी)। सहायक शिक्षकों से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया में हो रही देरी को लेकर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने नाराजगी जताई है। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा को ज्ञापन सौंपकर काउंसिलिंग एवं पदस्थापना की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 तक पूरी करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर संघ ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
27 अगस्त 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में संघ ने लोक शिक्षण संचालनालय, अटल नगर, नया रायपुर के 30 जून 2026 के पत्र का हवाला दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि उच्च कार्यालय द्वारा सहायक शिक्षक से प्राथमिक प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति के निर्देश जारी किए गए थे। इसके लिए समय-सीमा भी निर्धारित की गई थी।
संघ का कहना है कि कोरबा जिले में पदोन्नति की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन काउंसिलिंग एवं पदस्थापना की कार्रवाई अब तक नहीं हो सकी है। इसके चलते पात्र सहायक शिक्षक पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। संघ ने मांग की है कि काउंसिलिंग की तिथि निर्धारित कर पदस्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए।
एक दिन पहले ट्रैक सिटी ने उठाया था पदोन्नति का मुद्दा
प्रधान पाठक पदोन्नति में देरी का मामला 26 अगस्त को ट्रैक सिटी न्यूज़ ने प्रमुखता से प्रसारित किया था। समाचार में पदोन्नति प्रक्रिया में देरी, निर्धारित समय-सीमा बीतने और पात्र शिक्षकों के इंतजार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। इसके अगले ही दिन शिक्षक संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर 31 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।

डीईओ से पक्ष पूछा तो बताया—उच्च अधिकारी देंगे जवाब
इधर, मामले में ट्रैक सिटी न्यूज़ ने 27 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया। पदोन्नति में देरी, काउंसिलिंग की तिथि और पदस्थापना को लेकर स्पष्ट जानकारी चाही गई। हालांकि, जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से कोई स्पष्ट एवं संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और इस संबंध में उच्च अधिकारियों द्वारा जवाब दिए जाने की बात कही गई।
डीईओ द्वारा उच्च अधिकारियों का हवाला दिए जाने के बाद अब सवाल यह भी है कि आखिर ये उच्च अधिकारी कौन हैं, पदोन्नति की प्रक्रिया किस स्तर पर लंबित है और अंतिम निर्णय किसके स्तर से होना है? इन सवालों का जवाब जिला शिक्षा अधिकारी ही स्पष्ट कर सकते हैं। वहीं, पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षक भी यह जानना चाहते हैं कि विभागीय प्रक्रिया आखिर किस स्तर पर अटकी हुई है।
31 अगस्त तक प्रक्रिया नहीं हुई तो आंदोलन
शिक्षक कल्याण संघ ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि यदि 31 अगस्त 2026 तक सहायक शिक्षकों से प्राथमिक प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी नहीं की जाती है, तो जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने इसके लिए संबंधित कार्यालय की जवाबदारी तय होने की बात कही है।
संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से काउंसिलिंग की तिथि निर्धारित कर 31 अगस्त तक काउंसिलिंग एवं पदस्थापना की कार्रवाई पूरी करने का आग्रह किया है।
अब देखना होगा कि शिक्षक संघ की चेतावनी, लगातार उठ रहे सवालों और मीडिया में प्रमुखता से सामने आए इस मुद्दे के बाद शिक्षा विभाग पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर क्या कदम उठाता है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पदोन्नति की तैयारी पूरी होने का दावा है, तो काउंसिलिंग और पदस्थापना आखिर किस स्तर पर रुकी हुई है?

