कोरबा

बाइक, स्कूटी और ट्रेलर की भिड़ंत..युवक की मौत

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कोरबा/बांकी मोंगरा (ट्रैक सिटी)। बांकी मोंगरा से चार नंबर खदान मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाइक, स्कूटी और ट्रेलर के बीच हुई भीषण भिड़ंत के दौरान हुआ। मृतक की पहचान ग्राम रोहिना निवासी तुलसी दास के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ओवरटेक के दौरान सामने आई स्कूटी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रोहिना निवासी दो युवक बाइक से बांकी मोंगरा बाजार की ओर जा रहे थे। बांकी मोंगरा नंबर-2 से घुरदेवा बाईपास मोड़ के पास बाइक चालक आगे चल रहे भारी ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रेलर की चपेट में तुलसी दास आ गए। ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों सहित कुल तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण कोयला परिवहन समेत अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही चक्काजाम कर रहे लोगों से बातचीत कर मार्ग बहाल कराने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दुर्घटना में शामिल वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों, वाहनों की गति और ओवरटेक के दौरान बनी परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button