रायपुर

भाजपा के सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम की प्रांतीय समीक्षा बैठक संपन्न

 

सेवा संकल्प अभियान – सेवा और संकल्प की भावना से ओतप्रोत जन सेवा का अभियान है – किरण देव

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में रविवार को “सेवा संकल्प अभियान” की प्रांतीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में अभियान के तहत अब तक संपन्न हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में प्रदेश में कीर्तिमान स्थापित किया गया : किरण देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चला रही है। 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के माध्यम से देश और प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को अपना स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया। श्री देव ने कहा कि 17 सितंबर को प्रदेश में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में कीर्तिमान स्थापित किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजनों की सहभागिता रही। यह कार्यक्रम सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति संकल्प का प्रतीक बना। सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के “सेवा ही संगठन” के मंत्र को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम है।

हम सब एक ही पथ के पथिक हैं : कर्मवीर सिंह

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को हमेशा सर्वोपरि रखकर कार्य किया है। श्री सिंह ने कहा कि हम सब एक ही पथ के पथिक हैं। भाजपा सत्ता में आकर समाज में परिवर्तन करती है और सेवा के माध्यम से लोगों तक पहुँचती है। कोरोना काल में जब पूरी दुनिया भयभीत थी, तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुँचकर लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान की थी। संगठन के कार्यों के माध्यम से ही हमें जनता तक पहुँचना है। श्री सिंह ने 2028 के चुनाव की तैयारी को लेकर कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और संगठन के बल पर हमें जन-जन तक पहुँचकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाना है।

भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए समर्पित है : अजय जम्वाल

महाराष्ट्र के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा समाज में मंथन का कार्य कर रही है। इस अभियान के जरिए लाखों परिवारों, युवाओं, महिलाओं एवं सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से भाजपा कार्यकर्ता सतत संपर्क कर रहे हैं। संपूर्ण समाज में जन-जागरण का अभियान चल रहा है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्रीमोदी ने 2047 तक विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, उस लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में यह अभियान भी एक महत्वपूर्ण पहल है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से हमें लाभार्थियों से संपर्क करना है और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए समर्पित रहकर देश को विकसित बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।

भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है, जिसके करोड़ों कार्यकर्ता हैं : पवन साय

झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है, जिसके करोड़ों कार्यकर्ता हैं और यह जनसेवा को प्रभु सेवा मानकर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की पार्टी है। श्री साय ने कहा कि देशभर के 22 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, जो सेवा भाव के साथ कार्य कर रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करते हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच सेवा भाव से एक सहयोगी के रूप में पहुँचता है, जिससे संगठन को मजबूती मिलती है।

“आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में प्रदेश में दो करोड़ दीये जलाए गए : यशवंत जैन

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम प्रभारी यशवंत जैन ने अभियान के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ प्रदेश में लगभग दो करोड़ दीये जलाए गए, जो अपने आप में एक कीर्तिमान है। उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पंचायत भवनों, सामुदायिक भवनों और निजी संस्थानों में “आशीर्वाद का दीया” जलाया गया। मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता के तहत प्रदेश के कुल 46441 विद्यालयों में कार्यक्रम किया गया जिसमें 32 लाख 24 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत 31066 आंगनबाड़ी में कार्यक्रम आयोजित किए गए जिसमें 13,01,116 प्रतिभागी कार्यक्रम में शामिल हुए इस दौरान 1,31,602 को प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा (जल जन और सेवा संकल्प यात्रा) के तहत 2 लाख से अधिक लाभार्थियों से संपर्क किया गया।इसके साथ ही उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत अब तक संपन्न हुए कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए आगामी कार्यों के बारे में बताया।

सेवा ज्योति यात्रा 07 अक्टूबर को

बैठक में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने सेवा ज्योति यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि सेवा ज्योति यात्रा 07 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा में एक समय में निकली जाएगी। 90 विधानसभा में शक्तिकेंद्रों, मंडलों के मुख्यालय से होकर विधानसभा केंद्रों में सेवा ज्योति यात्रा की तैयारी हो चुकी है। प्रत्येक विधानसभा में एक ज्योति कलश रथ बनाकर भेजा जा रहा है। सभी विधानसभा केंद्रों में प्रधानमंत्री जी के लाइव भाषण के लिए एलईडी मंच, स्थान, विधानसभा अनुसार तय की जा चुकी है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने किया। इस दौरान बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित भाजपा कोर कमेटी के सदस्य, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्तागण, जिला प्रभारी, सहित मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button