कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में सांपों से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं में वन्यजीव रेस्क्यू टीम ने समय पर पहुंचकर सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पहली घटना सप्तदेव मंदिर परिसर की है, जहां करीब 5 फीट लंबा सांप मंदिर प्रांगण में घुस आया। वहीं दूसरी घटना सतरेगा रोड स्थित ग्राम माखुरपानी के शासकीय विद्यालय की है, जहां बच्चों की कक्षा के दौरान Bronze Back Tree Snake यानी स्थानीय रूप से डारडोमी कहे जाने वाले सांप के दिखाई देने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
सप्तदेव मंदिर में घुसा 5 फीट का सांप
सप्तदेव मंदिर परिसर में सांप दिखाई देने की सूचना मिलते ही पुजारियों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल बन गया। मंदिर में लगातार श्रद्धालुओं का आना-जाना होने के कारण किसी अप्रिय घटना की आशंका थी। इसकी सूचना तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी गई।
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया। सांप को सुरक्षित हटाए जाने के बाद मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।
कक्षा के दौरान स्कूल में दिखा रंग बदलने वाला सांप
दूसरी घटना शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर सतरेगा रोड स्थित ग्राम माखुरपानी के शासकीय विद्यालय की है। बताया गया कि बच्चे नियमित रूप से कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे, इसी दौरान स्कूल परिसर में Bronze Back Tree Snake दिखाई दिया। सांप को देखकर स्कूल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
शिक्षकों ने तत्काल इसकी जानकारी वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी। इसके बाद सारथी ने टीम के सदस्य कमलेश एवं देवेंद्र को मौके पर भेजा। टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को रेस्क्यू किया और बाद में उसे उसके उपयुक्त प्राकृतिक रहवास वाले जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया। इसके बाद विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई सामान्य रूप से शुरू हो सकी।
सांपों को मारने के बजाय अब रेस्क्यू टीम को दे रहे सूचना
माखुरपानी बीहड़ जंगल क्षेत्र से लगा हुआ गांव है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ वर्ष पहले तक गांव में सांप दिखाई देने पर कई बार उन्हें मार दिया जाता था। अब लोगों की सोच में बदलाव देखने को मिल रहा है। सांप दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय रेस्क्यू टीम को सूचना देना वन्यजीव संरक्षण को लेकर बढ़ती जागरूकता का संकेत माना जा रहा है।
जितेंद्र सारथी ने की अपील
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की है कि घर, मंदिर, स्कूल या किसी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने अथवा मारने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। मानव सुरक्षा के साथ वन्यजीवों का संरक्षण भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
Leave a Reply

