कोरबा

रेड क्रॉस की बैठक में कई अहम फैसले, 2000 प्रतियों में छपेगी ‘सेवा ज्योति’

कोरबा (ट्रैक सिटी)। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला कोरबा की प्रबंध समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, डीएम रोड में चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, सामाजिक सरोकार और संस्था की गतिविधियों को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
2000 प्रतियों में प्रकाशित होगी ‘सेवा ज्योति’
रेड क्रॉस के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला स्तर पर ‘सेवा ज्योति’ नाम से स्मारिका प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। इसकी 2000 प्रतियां प्रकाशित की जाएंगी। स्मारिका का विमोचन महामहिम राज्यपाल के कर-कमलों से कराने का निर्णय लिया गया है।
जल्द कोरबा पहुंचेगी अत्याधुनिक ब्लड बस
बैठक में बताया गया कि कोरबा जिले के लिए विशेष ब्लड कलेक्शन बस इंदौर में तैयार हो चुकी है। फोर्स कंपनी द्वारा इसे जल्द कोरबा भेजा जाएगा। सीएमएचओ स्तर पर आ रही दिक्कतों के समाधान के लिए प्रबंध समिति जल्द कलेक्टर से मुलाकात कर लिखित आवेदन सौंपेगी।
15 अगस्त के बाद आम सभा, युवाओं को जोड़ने पर जोर
संस्था के सुचारू संचालन के लिए 15 अगस्त के बाद आम सभा आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ने के लिए जूनियर रेड क्रॉस (JRC) और यूथ रेड क्रॉस (YRC) विंग के गठन को मंजूरी दी गई।
गरीब कैदियों की जमानत में मदद
बैठक में मानवीय पहल के तहत ऐसे गरीब कैदियों की मदद करने का निर्णय लिया गया, जो 500 से 2000 रुपये तक की छोटी जमानत राशि नहीं जुटा पाने के कारण जेल में बंद हैं। रेड क्रॉस सोसायटी उनकी जमानत राशि उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी।
इसके अलावा देहदान और अंगदान करने वाले लोगों तथा उनके परिवारों को सम्मानित करने की पहल भी शुरू करने का निर्णय लिया गया। वित्तीय पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए बैंक खातों के संचालन में कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर को अनिवार्य कर दिया गया है।


अंतिम चरण में रेड क्रॉस भवन का निर्माण
जिला शाखा कोरबा के नवनिर्मित भवन का निर्माण कार्य जिला प्रशासन की निगरानी में तेजी से जारी है। भवन का ग्राउंड फ्लोर तैयार हो चुका है, जबकि प्रथम तल का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। भवन पूर्ण होने के बाद रेड क्रॉस की गतिविधियों को स्थायी केंद्र मिलेगा और जरूरतमंदों तक राहत एवं चिकित्सकीय सहायता पहुंचाने में और तेजी आएगी।
ये रहे उपस्थित
बैठक में चेयरमैन राम सिंह अग्रवाल के साथ नितिन चतुर्वेदी, अनिल अग्रवाल, अमित अग्रवाल, ओमप्रकाश रमानी, योगेश जैन, मोहम्मद यूनुस मेमन, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, जफर अली, नरेश अग्रवाल, नरेंद्र कुमार अग्रवाल, राजेश बगड़िया, मोहम्मद सफी, लक्ष्मी शंकर सिंह, मनीष मोदी और राहुल मोदी सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में स्वल्पाहार का आयोजन किया गया और चेयरमैन की अनुमति से बैठक समाप्त हुई।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button