*अज्ञात बुकिंग एवं यात्रियों से जुड़े सुरक्षा उपायों की दी गई जानकारी*
*सुरक्षा एडवाइजरी एवं जागरूकता पोस्टर का किया गया वितरण*
कोरबा (ट्रैक सिटी)/ पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 06 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा में पुराना बस स्टैंड टैक्सी यूनियन एवं नया बस स्टैंड टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों एवं वाहन चालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य टैक्सी, कैब एवं अन्य यात्री वाहन चालकों को उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनाना था। बैठक में पुलिस अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को वर्तमान समय में घटित हो रही लूट, मारपीट, धोखाधड़ी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में जानकारी देते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई।
चालकों को बताया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन बुक कराए जाने की स्थिति में उसकी पहचान सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए यात्री से आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य पहचान पत्र की प्रति व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त करने, वाहन में बैठाने से पूर्व उसका स्पष्ट फोटो लेकर अपने परिजनों अथवा विश्वसनीय परिचितों को भेजने तथा यात्रा के दौरान मोबाइल का जीपीएस चालू रखते हुए अपनी लाइव लोकेशन साझा करने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त रात्रिकालीन यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, सुनसान अथवा निर्जन स्थानों पर वाहन रोकने से बचने, वाहन में पर्याप्त चार्ज वाला मोबाइल रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को देने के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
बैठक के दौरान उपस्थित टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों एवं वाहन चालकों ने पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा अन्य वाहन चालकों को भी जागरूक करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कोरबा पुलिस द्वारा तैयार किए गए सुरक्षा संबंधी जागरूकता पोस्टर एवं एडवाइजरी का वितरण भी किया गया, ताकि अधिक से अधिक वाहन चालकों तक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाई जा सके।
कोरबा पुलिस द्वारा सभी टैक्सी, कैब एवं यात्री वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा संबंधी इन सावधानियों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
सजग रहें, सुरक्षित रहें
*सजग कोरबा, सतर्क कोरबा*

