सारंगढ़-बिलाईगढ़(ट्रैक सिटी)/ सारंगढ़-बरमकेला मुख्य मार्ग पर चनामुड़ा से पहले घाटी में मंगलवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बंटी बस सर्विस की यात्री बस बरमकेला से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब चार यात्री सवार थे। इसके अलावा चालक, खलासी और कंडक्टर भी बस में मौजूद थे। चनामुड़ा से पहले घाटी के पास सड़क किनारे की मिट्टी अचानक धंस जाने के कारण बस असंतुलित हो गई और देखते ही देखते सड़क पर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बरमकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों की स्थिति की जानकारी ली। गनीमत रही कि हादसा गंभीर होने के बावजूद किसी को चोट नहीं आई।
घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसा बरमकेला थाना क्षेत्र का है।
