रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। “संवाद से समाधान” अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रोबिनसन गुड़िया (भापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्तों के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों और थाना स्टाफ ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद किया।
इस दौरान ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल व मैसेज, फर्जी लिंक, QR कोड, OTP तथा सोशल मीडिया अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, पासवर्ड, ATM/डेबिट कार्ड और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड से बचने की समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों में कुल 1,165 विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। थाना डीडी नगर क्षेत्र के KPS स्कूल में 370, शिवम एकेडमी/शिवोम विद्यापीठ में 280, थाना अमानाका क्षेत्र के महर्षि दयानंद स्कूल में करीब 300, थाना टिकरापारा क्षेत्र के नगर निगम हायर सेकेंडरी स्कूल में करीब 65 तथा थाना कबीर नगर क्षेत्र के होली फेथ स्कूल में करीब 150 विद्यार्थी शामिल रहे। इसके अलावा विवेकानंद विद्यापीठ स्कूल, कोटा एवं पूर्व माध्यमिक स्कूल, कोटा मस्जिद के पास भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने तथा प्राइवेसी और सुरक्षा सेटिंग मजबूत रखने की सलाह दी। साथ ही यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने अपील की कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। साथ ही नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर सेल को जानकारी देकर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
पश्चिम क्षेत्र पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को विद्यार्थियों और आम नागरिकों के बीच निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि साइबर अपराध की रोकथाम और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा दिया जा सके।
Leave a Reply

