कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंघाली जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारा। बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से 74,500 रुपए नकद, 15 मोबाइल फोन और 15 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 11 लाख 56 हजार 500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सिंघाली जंगल क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने के बाद बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने जंगल में बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां कुछ लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से सभी 11 आरोपियों को पकड़ लिया और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री तथा अन्य सामान जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 74,500 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा 14 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक की-पैड मोबाइल फोन जब्त किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 82 हजार रुपए है। पुलिस ने मौके से बुलेट और स्कूटी समेत कुल 15 मोटरसाइकिलें भी जब्त कीं। इन वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह नकदी और अन्य सामान समेत कुल 11,56,500 रुपए की जप्ती की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवमोहन सिंग (50), अमित कुमार श्रीवास्तव (48), सफिक खान (25), संजू कुमार साहू (27), ईश्वरी साहू (37), विजय कुमार (52), हेमंत बहादुर कार्की (50), सुमीत यादव (28), अभिमन्यु सिंग (35), सुरेंद्र चौहान (39) और राजू नाहक (33) के रूप में की है। ये आरोपी बालकोनगर, मानिकपुर, बांकीमोंगरा, कुसमुंडा और कोरबा के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

