कोरबा/रायपुर(ट्रैक सिटी)/ सीएमए – छत्तीसगढ़ मार्शल आर्ट एवं किकबॉक्सिंग एकेडमी, कोरबा ने खेल जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपना नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज करा लिया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि एकेडमी के खिलाड़ियों द्वारा स्थापना वर्ष 2018 से फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने के आधार पर प्राप्त हुई है।
छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन एवं सी एम ए किकबॉक्सिंग एकेडमी के संस्थापक तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश एवं जिले में किकबॉक्सिंग खेल 2006 से संचालित है, इसी तारतम्य में किकबॉक्सिंग खेल एवं खिलाड़ियों के बेहतर प्रशिक्षण हेतु एकेडमी की स्थापना वर्ष 2018 में की गई थी। आज आधुनिकतम खेल उपकरणों, संसाधनों के साथ खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और कोचिंग टीम के मार्गदर्शन से यह संस्था निरंतर सफलता की नई ऊंचाइयों को छूती रही है। यहां से प्रशिक्षित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ ही, आयरलैंड, रूस, साउथ कोरिया, टर्की, इटली, नेपाल जैसे देशों में भारतीय किकबॉक्सिंग टीम का हिस्सा रहे हैं और छत्तीसगढ़ एवं कोरबा जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
यहां प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने राज्य शासन द्वारा खेल पुरस्कार अलंकरण शहीद कौशल यादव, खेल अंकुर,खेल गौरव, खेल शिखर पुरस्कार प्राप्त किया है। खिलाड़ियों ने शासन द्वारा नगद राशि पुरस्कार भी प्राप्त किए हैं।गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने की यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह संस्था के समर्पण और गुणवत्ता प्रशिक्षण का भी प्रमाण है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, एसोसिएशन एवं अकादमी के संस्थापक तारकेश मिश्रा, सचिव आकाश गुरुदिवान एवं अन्य प्रशिक्षकों ने माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। माननीय मुख्यमंत्री ने ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में सीएमए का नाम दर्ज होने पर हार्दिक बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
एकेडमी के संस्थापक एवं मुख्य कोच तारकेश मिश्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगियों, एवं खेल प्रेमियों को देते हुए कहा कि यह सफलता आने वाले समय में और भी बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

