टेंडर के बाद नहीं मिला ठेकेदार, आगे नहीं बढ़ा काम; अब बांस की बल्लियों और रेडियम के सहारे सुरक्षा
कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल पावर हाउस रोड पर सोनालिया पुल के पास नहर की रिटर्निंग वॉल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क से लगे इस हिस्से में दीवार की हालत लगातार खराब होने से अब यहां गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई है। खास बात यह है कि क्षतिग्रस्त रिटर्निंग वॉल के कार्य के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया किए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन किसी ठेकेदार द्वारा काम में रुचि नहीं दिखाने के बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद क्षतिग्रस्त दीवार की स्थिति और बिगड़ती चली गई।
टेंडर हुआ, ठेकेदार नहीं मिला, काम अटका
जानकारी के मुताबिक, रिटर्निंग वॉल के निर्माण/मरम्मत के लिए विभागीय स्तर पर टेंडर प्रक्रिया की गई थी। हालांकि टेंडर प्रक्रिया के बाद कार्य आगे नहीं बढ़ सका। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब दीवार की स्थिति पहले ही चिंताजनक थी, तो वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए काम शुरू कराने अथवा स्थायी सुरक्षा उपाय करने की दिशा में क्या कार्रवाई की गई?
जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क भी नहीं हो सका
मामले की वास्तविक स्थिति और विभागीय कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया। संबंधित अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। फोन पर संपर्क करने का प्रयास भी सफल नहीं हुआ। वहीं दूसरे अधिकारी से मुलाकात के लिए करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन उनसे भी मुलाकात नहीं हो सकी।
ऐसे में क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत, टेंडर की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना को लेकर विभाग की ओर से स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
सभापति ने कलेक्टर से कार्रवाई की मांग की
नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने मामले को गंभीर बताते हुए कलेक्टर से जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नहर से जुड़े कार्यों में पहले भी लापरवाही के मामले सामने आ चुके हैं, इसलिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
स्थायी समाधान की जगह बांस की बल्लियां
फिलहाल हादसे की आशंका को देखते हुए सड़क किनारे बांस की बल्लियां और रेडियम लगाकर लोगों को सावधान करने की कवायद की जा रही है। हालांकि यह व्यवस्था कितनी प्रभावी है, यह अलग सवाल है। व्यस्त सड़क के किनारे क्षतिग्रस्त रिटर्निंग वॉल के मामले में लोगों को स्थायी सुरक्षा की जरूरत है।
बड़ा सवाल: खतरा दिखने के बाद भी इंतजार क्यों?
सोनालिया पुल क्षेत्र में लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में क्षतिग्रस्त दीवार के आसपास किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। जब दीवार की स्थिति खराब होने की जानकारी विभाग के संज्ञान में थी और टेंडर प्रक्रिया भी हो चुकी थी, तो समय रहते स्थायी सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए? अब लोगों की नजर इस बात पर है कि विभाग कब तक केवल अस्थायी इंतजामों से आगे बढ़कर क्षतिग्रस्त रिटर्निंग वॉल की स्थायी मरम्मत कराता है।
