रायपुर

हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से 1.96 करोड़ का विदेशी सोना बरामद, दो संदिग्ध गिरफ्तार।

रायपुर(ट्रैक सिटी)। रायपुर-नागपुर रेलमार्ग पर आरपीएफ क्राइम ब्रांच और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब दो करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। संयुक्त जांच अभियान के दौरान ट्रेन के बी-12 एसी कोच में सवार दो संदिग्धों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया। दोनों के कब्जे से कुल 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की खेप लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर और रायपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच शुरू की।

रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में संदिग्ध यात्रियों और उनके सामान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टीम की नजर बी-12 कोच में बैठे दो संदिग्ध युवकों पर पड़ी। पूछताछ के बाद उनकी तलाशी ली गई, जिसमें विदेशी सोना बरामद हुआ।

तलाशी के दौरान सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ मिली। बरामद सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम है। प्रारंभिक आकलन में इसकी कीमत 1,96,34,307 रुपये आंकी गई है। विदेशी मूल का सोना मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले को सोने की तस्करी से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।

आरपीएफ टीम ने दोनों संदिग्धों को बरामद सोने सहित डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। डीआरआई ने कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अब डीआरआई यह पता लगाने में जुटी है कि सोना कहां से लाया गया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। जांच एजेंसी दोनों संदिग्धों से उनके संपर्कों, यात्रा विवरण और सोने की खेप से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को आशंका है कि इस बरामदगी के पीछे सोना तस्करी से जुड़ा कोई बड़ा नेटवर्क हो सकता है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही सोने के स्रोत और उसके अंतिम गंतव्य का खुलासा हो सकेगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button