कोरबा (ट्रैक सिटी)। जनपद पंचायत कोरबा क्षेत्र क्रमांक 20 की जनपद सदस्य मोनिका अरविंद भगत ने नकटीखार क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष मांगें रखी हैं। 13 अगस्त 2026 को जारी पत्र में उन्होंने वर्षों से लंबित समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ आंदोलन की चेतावनी दी है।

पत्र में तहसील न्यायालय में लंबित प्रकरणों का निराकरण कराने, राजस्व रिकॉर्ड में सुधार के लिए गांव में कैंप लगाने, ग्राम पंचायत नकटीखार के भालूसटका में देवरास मोहल्ला की ओर जाने वाले मार्ग पर कांक्रीट सड़क निर्माण, अटल चौक से अंधारदरहा की ओर कांक्रीट सड़क तथा नकटीखार के ऊपर मोहल्ला होते हुए मुलसीडीह जाने वाले मार्ग का डामरीकरण कराने की मांग की गई है।

इसके साथ ही भालूसटका खेल मैदान को सामुदायिक वनाधिकार के तहत तत्काल पट्टा दिए जाने की मांग भी की गई है, ताकि वहां धार्मिक एवं खेल गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
सैकड़ों ग्रामीणों के हस्ताक्षर: मांग पत्र की खास बात यह है कि इसके समर्थन में सैकड़ों ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने हस्ताक्षर किए हैं। इससे स्पष्ट है कि क्षेत्र की इन समस्याओं को लेकर ग्रामीणों में व्यापक असंतोष है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
पत्र में कहा गया है कि इन मांगों को ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई वर्षों से जिला प्रशासन के समक्ष रखा जाता रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
10 दिन का अल्टीमेटम: जनपद सदस्य ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिवस के भीतर मांगों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीणों के साथ नकटीखार में चक्काजाम किया जाएगा। पत्र में चक्काजाम की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होने की बात कही गई है।

