रायपुर (ट्रैक सिटी)। मुख्यमंत्री के “नशामुक्त छत्तीसगढ़” अभियान के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टिकरापारा थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी में संलिप्त एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16.434 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 8 लाख 21 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रावणभाठा मैदान स्थित भाठागांव बस स्टैंड के पास एक महिला अवैध गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।
पुलिस ने संदिग्ध महिला को पकड़कर महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली। जांच के दौरान उसके पास से 16.434 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला ने अपना नाम पूजा देवी सोनकर (40 वर्ष) निवासी ग्राम चकरा, थाना राजगढ़, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपिया ने स्वीकार किया कि वह उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रही थी, जहां उसे खपाने की योजना थी। पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार को आरोपिया को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से भी नशे के कारोबार की सूचना डायल-112, नजदीकी थाना या सिटीजन कॉप ऐप के माध्यम से देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
