रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके परिवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच के आधार पर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ढेबर परिवार को विदेशी नंबर से धमकी भरे कॉल आए थे। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग से जुड़ा बताते हुए 50 करोड़ रुपये की मांग की थी। शिकायत के बाद पुलिस और साइबर टीम ने कॉल से जुड़े तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया शोएब का नाम
पुलिस जांच में कथित तौर पर यह सामने आया कि धमकी के लिए नए मोबाइल और सिम का इस्तेमाल किया गया था। जांच आगे बढ़ने पर शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
मामले में यह भी जांच की जा रही है कि क्या शोएब अकेले इस पूरे घटनाक्रम में शामिल था या उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं। पुलिस कथित कॉलिंग नेटवर्क और डिजिटल कड़ियों की भी पड़ताल कर रही है।
कुकरेजा परिवार को धमकी मामले से भी कनेक्शन
पुलिस जांच में एक अन्य मामले का कनेक्शन भी सामने आने की बात कही जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा के पिता को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकी दी गई थी। इस मामले में भी शोएब ढेबर की भूमिका की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और पूछताछ के बाद ही पूरे नेटवर्क तथा कथित फिरौती की साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि एजाज ढेबर को 50 करोड़ रुपये की धमकी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शुरुआत में अज्ञात कॉलर के खिलाफ जांच शुरू की थी।
Leave a Reply

