कोरबा (ट्रैक सिटी) कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्रों में जंगली जानवरों का उत्पात एक बार फिर से बढ़ गया है। कटघोरा वनमंडल के ऐतमानगर रेंज में दंतैल हाथी ने घर घुसकर एक वृद्ध महिला को मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को हाथियों के दल ने कटघोरा वनमंडल के ऐतमा नगर रेंज में दस्तक दी और गुरसियां सर्किल में घुसते साथ ही रापेर मोहल्ला में जमकर उत्पात मचाया। इसी दौरान हाथियों के दल ने एक घर में घुसकर सो रही वृद्ध महिला को उठाकर पटक दिया। जिससे वृद्ध महिला की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक महिला की उम्र लगभग 80 वर्ष बताई जा रही है। घर के अन्य सदस्यों ने घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग का दल तत्काल मौके पर पहुंचा और हाथियों को जंगल की तरफ खदेड़ा। गौरतलब है, कि इस क्षेत्र में करीब 15 हाथियों का दल विचरण कर रहा है जिससे ग्रामीणों की जान खतरे में है। हालांकि वन विभाग का दल हाथियों की चहलकदमी पर नजर गड़ाए हुए है।

