कोरबा (ट्रैक सिटी) कोरबा शहर का एक ऐसा महत्वपूर्ण सड़क है जिसे मेन रोड के नाम से सभी जानते है, इस सड़क पर सुबह होते ही सब्जी मंडी सज जाती है और देर तक सजी रहती है। ग्राहक भी काफी संख्या में यहाँ अपने दुपहिया, चार पहिया वाहन में पहुंचते है और सड़क पर ही बेतरतीब अपने वाहनों को खड़ा कर घंटो जमकर खरीदारी भी करते है।
इस सब्जी मंडी की वजह से कई बार सड़क जाम की स्थिति निर्मित हो जाती हैं जिससे लोग जाम से जूझते रहते है। प्रतिदिन जिले के पदाधिकारी से लेकर आमजन के अलावा कोरबा-चांपा जाने वाले,स्कूल, ड्यूटी जाने वाले,वाहन चालक इस सड़क से गुजरते है। जिन लोगों को इसे हटाने का अधिकार प्राप्त है वे भी यहीं पर सब्जी खरीदते मिल जाएंगे।
मालूम हो कि यह शहर का प्रवेश द्वार भी माना जाता है लेकिन अतिक्रमणकारियों की चपेट में है। सडक के दोनों ओर ठेले खोंचों के साथ सब्जी और फल विक्रेताओं के बढ़ते कब्जे से ग्राहक और उनके वाहन सड़क को जाम कर रहे हैं। सुबह से ही यहां पर यातायात का दबाव रहता हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. निगम और प्रशासन की अनदेखी से यहां अब बड़ी अनहोनी का इंतजार में लोग भयभीत हैं। नागरिकों का कहना है कि इस ओर न तो निगम प्रशासन के द्वारा कोई ध्यान दिया जा रहा है और न ही यातायात पुलिस के द्वारा भी कोई कार्रवाई की जा रही है।
शहर के सबसे व्यस्ततम मार्ग पुराना बस स्टैंड ओवर ब्रिज के पास यह सब्जी मंडी सजती है जहां से सुबह से ही यातायात का दबाव काफी रहता है। इस मार्ग का प्रयोग क्षेत्रवासियों के साथ ही शहर के आमजन भी करते हैं जो सुबह अपने स्कूल, ड्यूटी जाने के लिए निकलते हैं परंतु जाम होने के कारण उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। लेकिन नपा द्वारा इस अघोषित सब्जी मंडी को नहीं हटाया जाता जबकि पास में ही अधिकृत रूप से (इतवारी बाजार) सब्जी मंडी का स्थान है।

