कोरबा (ट्रैक सिटी)/ मां भारती सेवा समिति के सदस्यों ने दर्री नगर वार्ड क्रमांक 53, ग्राम प्रगति नगर स्थित सर्वेश्वर मंदिर में हो रहे अपराधों के खिलाफ कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मंदिर में तोड़फोड़, मंदिर के सामानों की चोरी, परिसर में शराब सेवन और जुआ खेलने जैसे आपराधिक गतिविधियों की गंभीरता से जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
समिति के सदस्य योगेश जायसवाल ने बताया कि मंदिर में पिछले कुछ समय से असमाजिक तत्वों द्वारा अशांति फैलाने की घटनाएं बढ़ी हैं। इन तत्वों का मंदिर में आना-जाना और उनके द्वारा शराब सेवन, जुआ खेलना, और चोरी जैसी घटनाओं को लेकर स्थानीय लोग परेशान हैं। समिति ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक से इस पर त्वरित कार्रवाई की अपील की है, ताकि मंदिर परिसर में शांति बहाल हो और समाजिक असमंजस को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने ज्ञापन को संज्ञान में लिया और आश्वासन दिया कि इस मामले पर शीघ्र कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने तत्काल प्रभाव से पेट्रोलिंग की व्यवस्था बढ़ाने की बात कही और आश्वस्त किया कि जल्द ही अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

