मुंगेली (ट्रैक सिटी) स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के स्टाफ नर्स, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष-महिला, लैब सहायक सहित कुल 525 पदों की सीधी भर्ती हेतु प्रक्रिया जारी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान राज्य के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में नियुक्त 06 माह का कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
इस हेतु अभ्यर्थियों को संबंधित जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर 15 दिवस के भीतर अनुभव प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। उन्होने बताया कि अभ्यर्थी उसी जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से अनुभव प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे, जहां उन्होंने कोरोना काल में कार्य किया हो। आवेदन के साथ नियुक्ति आदेश, ज्वाइनिंग एवं वेतन संबंधी प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को 29 जनवरी तक कार्यालयीन समय में स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही आवेदन जमा करना अनिवार्य है।

