मुंगेली

जनदर्शन: लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने दिए निर्देश

कलेक्टर ने सुनी आमजनों की मांगें एवं समस्याएं

 

मुंगेली (ट्रैक सिटी) जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में आज कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी मांगें एवं समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, आवास, किसान सम्मान निधि, बिजली, पेयजल तथा प्रमाण पत्रों से जुड़ी समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों के नियमानुसार समयबद्ध निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता और गंभीरता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का नियमित मॉनिटरिंग कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें।
इस दौरान शिक्षा विभाग अंतर्गत विभागीय कार्यों में कोताही बरतने पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में ग्राम रामाकापा के बालक दास मिरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लोहराकापा के शोभाराम साहू ने जमीन सीमांकन, पीपरखुंटी के मनहरण साहू ने नक्शा संशोधन, खपरी की किरण ने राशन कार्ड से नाम विलोपन एवं नया राशन कार्ड, औराबांधा के बिहारी लाल जायसवाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुड़पार के खुशीराम ठाकुर ने राजस्व अभिलेख में नाम सुधार, जरहागांव के रामकृष्ण साहू ने जमीन बटांकन, तथा रेहुंटा महंत के रोमेश कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इसके अलावा भालापुर के झुमुक लाल ने नल-जल योजना अंतर्गत नलकूप खनन, भुरका के संजय कुमार नट ने जाति प्रमाण पत्र, लालाकापा की चंदा दिवाकर ने शौचालय निर्माण, गोरखपुर की चंद्रिका बाई ने मतदाता परिचय पत्र तथा जुझारभांटा के ग्रामीणों ने बिजली ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग रखी। ग्राम सुकली के ग्रामीणों ने नाली सफाई और रेहुंटा महंत के भानु प्रताप ने आवासीय पट्टा दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का समयबद्धता के साथ नियमानुसार निराकरण करने अधिकारियों को निर्देश दिए। जनदर्शन में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button