दुर्ग

दुर्ग ब्रेकिंग: मुक्तिधाम में कथित तांत्रिक क्रिया से सनसनी, मटके में मिला पशु का कटा अंग, अंडे और नींबू; पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग/कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के ग्राम काचांदूर में स्थित मुक्तिधाम में कथित तांत्रिक क्रिया का मामला सामने आने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। रविवार सुबह ग्रामीण जब मुक्तिधाम पहुंचे तो वहां एक मटके के भीतर पशु का कटा हुआ अंग, अंडे तथा बड़ी संख्या में बंदन लगे नींबू रखे मिले। पास ही खून से सनी एक बोरी भी पड़ी थी, जिसे देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि शनिवार देर रात अज्ञात लोगों द्वारा किसी जानवर की बलि देकर उसके कटे हुए अंग को मटके में रखकर कथित तांत्रिक क्रिया की गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मटके, खून से सनी बोरी तथा अन्य संदिग्ध सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह कृत्य किसने और किस उद्देश्य से किया।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे अंधविश्वास और कथित तांत्रिक क्रिया से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई ग्रामीणों ने इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह वास्तव में तांत्रिक क्रिया का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच आगे बढ़ा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button