बिलासपुर

बिलासपुर पुलिस की कार्यवाही: होटल में चोरों का समूह ठहरा हुआ था पुलिस ने मारी रेड।

बिलासपुर (ट्रैक सिटी)। चलती ट्रेनों में यात्रियों के गहने और कीमती सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ‘पेपर गैंग’ के छह शातिर बदमाशों को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रायगढ़ के एक परिवार के प्लास्टिक बॉक्स से 2.74 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वे फरार हो गए थे। पुलिस ने उन्हें दूसरी वारदात की तैयारी के दौरान शहर के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, रायगढ़ निवासी यज्ञ नारायण सोनी अपने परिवार के साथ 12 जुलाई को गाड़ी संख्या 58214 टिटलागढ़ पैसेंजर से बिलासपुर से रायगढ़ जा रहे थे।

सफर के दौरान उनके प्लास्टिक बॉक्स में रखे करीब 2.74 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी हो गए। रायगढ़ पहुंचने पर इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बिलासपुर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।वारदात के तरीके का विश्लेषण करने पर आरपीएफ की सीआईबी और जीआरपी को अंतरराज्यीय पेपर गैंग पर शक हुआ। इसके बाद बिलासपुर, जयरामनगर, अकलतरा, नैला और चांपा रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज के साथ शहर के ट्रैफिक कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 26 जुलाई को छत्तीस कुमार (42), सागर (23), पिंटू राज (38), उदय कुमार (35), शिंटू कुमार (29) और हिमांशु कुमार (20) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी बरियारपुर, मुंगेर (बिहार) के रहने वाले हैं।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना रणजीत कुमार मंडल और दीपक कुमार मंडल हैं। दोनों चोरी के गहनों के साथ फरार हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी रेलवे यात्रियों से चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। उनसे पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे और बिलासपुर क्षेत्र में फिर से चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

गिरोह ट्रेनों में परिवार के साथ सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाता था। भीड़ का फायदा उठाकर सामान से जेवर और कीमती वस्तुएं चोरी कर अलग-अलग स्टेशनों पर उतरकर फरार हो जाता था। करीब दो महीने पहले जीआरपी ने ट्रेनों में महिला यात्रियों के हैंडबैग, नकदी और जेवर चोरी करने वाले महाराष्ट्र के चार सदस्यीय महिला गिरोह को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर चोरी की नीयत से घूम रही महाराष्ट्र की सात अन्य महिलाओं को भी पकड़ा गया था।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button