बिलासपुर

उदयपुर–शालीमार एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी

बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने गाड़ी संख्या 20971/20972 उदयपुर–शालीमार एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी साप्ताहिक से बढ़ाकर द्वि-साप्ताहिक (Bi-Weekly) करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आदेश CC-233/2026, दिनांक 24 अगस्त 2026 में इसकी पुष्टि की गई है।
नई व्यवस्था के तहत 20971 उदयपुर–शालीमार एक्सप्रेस उदयपुर से शनिवार एवं रविवार को चलेगी, जबकि 20972 शालीमार–उदयपुर एक्सप्रेस शालीमार से रविवार एवं सोमवार को रवाना होगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
ट्रेन का ठहराव पेंड्रा रोड, अनूपपुर जंक्शन, शहडोल, बिलासपुर जंक्शन, चांपा जंक्शन, रायगढ़, झारसुगुड़ा जंक्शन और राउरकेला सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। इससे राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
समय-सारणी में भी बदलाव
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन के कुछ स्टेशनों पर आगमन-प्रस्थान के समय में बदलाव किया गया है। उदाहरण के तौर पर 20971 उदयपुर–शालीमार ट्रेन के बिलासपुर जंक्शन पहुंचने का समय 21:20 बजे तथा प्रस्थान 21:35 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं 20972 शालीमार–उदयपुर के बिलासपुर पहुंचने का समय 07:05 बजे और प्रस्थान 07:20 बजे रहेगा।
रेलवे बोर्ड ने नई फ्रीक्वेंसी और समय-सारणी को शीघ्र लागू करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन ट्रेन चलने से बिलासपुर और उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को विशेष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button