कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले के गोढ़ी देहांतपारा में करैत सांप के डसने से 12 वर्षीय छात्र रामकृष्ण मंझवार की मौत हो गई। रामकृष्ण कक्षा छठवीं में पढ़ता था। शनिवार 5 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे वह घर में सो रहा था, इसी दौरान उसे गले में कुछ काटने जैसा महसूस हुआ। नींद में ही उसने सांप को पकड़कर दूर फेंक दिया। उसकी चीख सुनकर परिजन जागे और सांप की तलाश की। परिजनों के मुताबिक, सांप करैत था, जिसे बाद में मार दिया गया।
सर्पदंश के बाद रामकृष्ण की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन पिता दीपक मंझवार के अनुसार एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद वह बेटे को बाइक से अस्पताल लेकर निकल पड़े। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने के बाद रामकृष्ण को उसमें बैठाकर जिला मेडिकल कॉलेज कोरबा ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन रविवार को इलाज के दौरान रामकृष्ण की मौत हो गई। पिता ने बताया कि रामकृष्ण उनका बड़ा बेटा था। परिवार खेती-किसानी और मजदूरी कर जीवन-यापन करता है।
मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं के बीच इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों द्वारा 108 एंबुलेंस के देर से पहुंचने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने गांवों में सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की मांग की है।
