कोरबा

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को महापौर संजू देवी राजपूत ने सौंपे दस्तावेज, 4405 आवास स्वीकृत

कोरबा(ट्रैक सिट)। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पक्के आवास का लाभ दिलाने की दिशा में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने 98 हितग्राहियों को आवास निर्माण से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए।

कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना से जरूरतमंद परिवारों का अपने पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है।

चार किस्तों में मिलेगी 2.50 लाख रुपये की सहायता

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये की सहायता राशि चार किस्तों में प्रदान की जाएगी। प्रथम किस्त में एक लाख रुपये, दूसरी किस्त में 50 हजार रुपये, तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये तथा चौथी किस्त में 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में अब तक 4405 हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए निगम द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

हितग्राहियों से महापौर की अपील

महापौर संजू देवी राजपूत ने हितग्राहियों से अपील की कि वे प्राप्त सहायता राशि का उपयोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवास निर्माण में करें। उन्होंने कहा कि आवास योजना के नाम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा अतिरिक्त राशि की मांग अथवा प्रलोभन दिए जाने की स्थिति में तत्काल संबंधित पार्षद या नगर निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।

कार्यक्रम में निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button