कोरबा

बाथरूम में धुल रहे होटल के बर्तन, वीडियो वायरल

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा के निहारिका क्षेत्र स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें होटल के बर्तनों को बाथरूम में धोते हुए देखा जा रहा है। ग्राहक द्वारा बनाए गए इस वीडियो के वायरल होने के बाद होटल की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने भी संज्ञान लेने की बात कही है।

दरअसल, न्यू दिल्ली स्वीट्स निहारिका में पहुंचे एक ग्राहक ने होटल परिसर में बर्तनों को बाथरूम में धोए जाने का वीडियो बनाया। वीडियो में होटल के बर्तनों की सफाई बाथरूम में होती दिखाई दे रही है। ग्राहक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

वीडियो सामने आने के बाद जब होटल के कर्मचारियों से इस संबंध में सवाल किया गया, तो उनका कहना था कि इमरजेंसी की स्थिति में यहां बर्तन धुलवाए जा रहे हैं। हालांकि, बर्तनों की सफाई और खाद्य सामग्री से जुड़े काम में स्वच्छता मानकों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मामले को लेकर होटल प्रबंधन के मैनेजर मुकेश स्वर्णकार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में होटल प्रबंधन का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है।

वहीं, इस मामले में सीनियर फूड ऑफिसर विकास भगत से मोबाइल के जरिए संपर्क करने पर उन्होने कहा कि संबंधित प्रतिष्ठान को पहले नोटिस जारी कर पूरे मामले में जवाब मांगा जाएगा। यदि प्रतिष्ठान का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो ने होटल की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि विभागीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से होटल प्रबंधन पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button