कोरबा/बांकी मोंगरा। बांकी मोंगरा से चार नंबर खदान मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा बाइक, स्कूटी और ट्रेलर के बीच हुई भीषण भिड़ंत के दौरान हुआ। मृतक की पहचान ग्राम रोहिना निवासी तुलसी दास के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
ओवरटेक के दौरान सामने आई स्कूटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रोहिना निवासी दो युवक बाइक से बांकी मोंगरा बाजार की ओर जा रहे थे। बांकी मोंगरा नंबर-2 से घुरदेवा बाईपास मोड़ के पास बाइक चालक आगे चल रहे भारी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी से बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रेलर की चपेट में तुलसी दास आ गए। ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों सहित कुल तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे के बाद मौके पर आक्रोश का माहौल है। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया है और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की जा रही है। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की जानकारी है।
मौके पर नायाब तहसीलदार अमरजीत आंचल भी पहुंचे हुए हैं। वे ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से चर्चा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग उठाई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही चक्काजाम कर रहे लोगों से बातचीत कर मार्ग बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा हैं।
दुर्घटना में शामिल वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों, वाहनों की गति और ओवरटेक के दौरान बनी परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

