दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई
कोरबा(ट्रैक सिटी)/ नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा, डांडिया कार्यक्रमों एवं दुर्गा पूजा पंडालों में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजन समितियों की बैठक ली गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं एडीएम देवेंद्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम सरोज महिलांगे एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी उपस्थित रहे। बैठक में आयोजन समितियों को पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण एवं दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
🔹 सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आयोजन के निर्देश
आयोजन समितियों को गरबा, डांडिया एवं दुर्गा पूजा कार्यक्रमों के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त करने तथा निर्धारित शर्तों का पालन करने के निर्देश दिए गए। सभी आयोजन स्थलों एवं दुर्गा पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित प्रमुख स्थानों पर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक उपचार एवं आपातकालीन निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था करने एवं मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित नहीं होने देने को कहा गया।
🔹 ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण एवं विसर्जन के संबंध में निर्देश
आयोजन समितियों को साउंड सिस्टम एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय-सीमा के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। छत्तीसगढ़ में लागू कोलाहल नियंत्रण संबंधी कानून, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 तथा माननीय उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के लागू निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए। विसर्जन निर्धारित मार्ग एवं समय-सीमा के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा किसी भी प्रकार का हुड़दंग, विवाद, अभद्र व्यवहार अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। नियमों एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
🔹 शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी आयोजन समितियों से नवरात्रि पर्व की गरिमा बनाए रखते हुए आपसी सौहार्द एवं अनुशासन के साथ कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

