Janjgir-champa

साइबर ठगी की रकम खपाने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार, म्यूल खातों में करोड़ों के लेनदेन का खुलासा।

जांजगीर-चांपा(ट्रैक सिटी)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते, एटीएम और नए मोबाइल सिम साइबर ठगों को उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, इन खातों में देश के विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की रकम पहुंची थी और इनके माध्यम से लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक के लेनदेन किए गए। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किए जाने की जानकारी सामने आई थी। जांच में कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, असम, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से इन खातों के संबंध में शिकायतें दर्ज होने का पता चला। कुछ बैंक खातों के विरुद्ध 14 से 15 बार तक शिकायतें दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, एक ही दिन में करोड़ों रुपये के साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन किए जाने के संकेत मिले हैं।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ग्रामीण बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और इंडियन बैंक सहित विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर अपने नाम पर नए मोबाइल सिम जारी कराते थे। इसके बाद वे बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, एटीएम और मोबाइल नंबर दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 10 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक कमीशन मिलने की बात सामने आई है।

पुलिस ने इस मामले में कलेशराम देवांगन उर्फ छोटू (38) और श्यामलाल देवांगन उर्फ राजू (34), निवासी भाठापारा सिवनी, थाना चांपा; लक्ष्मीनारायण पटेल (46), निवासी ग्राम कुम्हारी, थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा; वेमेश आदित्य (38), निवासी बुधवारी बाजार, जांजगीर; ज्योति बाई यादव (40), निवासी बनारी डीहपारा, जांजगीर; सुरेश कुमार गढ़ेवाल (32), निवासी ग्राम पाली; अनिल राठौर (29), निवासी चंदनिया पारा, जांजगीर; और इश्तेखार अहमद (29), निवासी खड़पड़ीपारा, जांजगीर को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते और मोबाइल नंबर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने की बात सामने आने का पुलिस ने दावा किया है। आरोपियों से बैंक पासबुक जब्त की गई हैं। संबंधित खातों में लाखों रुपये की राशि होल्ड कराई गई है। पुलिस ने होल्ड की गई रकम की वापसी के लिए संबंधित राज्यों को सूचना भी दी है।

इस मामले में साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4), 323 तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम, बैंकिंग दस्तावेज या अपने नाम पर जारी मोबाइल सिम किसी अन्य व्यक्ति को न दें। कमीशन के लालच में ऐसा करने पर संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी में हो सकता है और खाताधारक को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button