महासमुंद(ट्रैक सिटी)। जिला पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 560 किलो गांजे की खेप पकड़ी है। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने NH-53 स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर नाकेबंदी कर महाराष्ट्र पासिंग आयशर माजदा वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन के डाले में कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक बोरी में 35 किलो गांजा रखा गया था। पुलिस ने महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले दो आरोपियों, अजय रविन्द्र पवार और स्वराज महाजन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गांजा ओडिशा के बरहामपुर से महाराष्ट्र के जलगांव ले जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई में गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल आयशर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताई गई है। मामले में सिंघोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
Leave a Reply
