कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वारानी बटालियन कैंप से 5 अक्टूबर से लापता आरक्षक कन्ना गटपल्ली का शव जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ है। करीब 43 दिन बाद परिजनों ने कपड़े, बेल्ट और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान की। आरक्षक बीजापुर जिले के उसूर गांव का निवासी था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक कन्ना गटपल्ली लंबे समय तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। 24 अक्टूबर को बीजापुर से बटालियन के जवान उसकी तलाश में मड़वारानी कैंप पहुंचे। वहां पता चला कि आरक्षक 5 अक्टूबर से ड्यूटी पर अनुपस्थित है। इसके बाद परिजन कोरबा पहुंचे और काफी तलाश के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उरगा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
9 अक्टूबर को नहर में मिला था अज्ञात शव
आरक्षक की तलाश के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 9 अक्टूबर को जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में नहर से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण स्थानीय पुलिस ने लावारिस मानकर अंतिम संस्कार की कार्रवाई कर दी थी।
इस जानकारी के बाद परिजन उरगा पुलिस के सहयोग से 17 नवंबर को बम्हनीडीह थाना पहुंचे। वहां मिले कपड़े, बेल्ट और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान आरक्षक कन्ना गटपल्ली के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जवानों से पूछताछ
अतिरिक्त SP लखन पटेल ने बताया कि मड़वारानी कैंप के सामने से एक नहर गुजरती है, जिसका पानी दूसरे जिले की ओर जाता है। इसी आधार पर आरक्षक की तलाश की जा रही थी। 9 अक्टूबर को दूसरे थाना क्षेत्र में मिले शव की पहचान परिजनों ने की है।
उन्होंने बताया कि पहले उरगा थाने में गुम इंसान का मामला दर्ज किया गया था। अब बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस कैंप के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरक्षक के साथी जवानों से पूछताछ कर रही है। आरक्षक नहर में कैसे पहुंचा और उसकी मौत दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
