कोरबा

पेटी में रखे पैसों की लालच में वृद्धा की हत्या, मां-बेटी समेत तीन गिरफ्तार

WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.01 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.05 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.06 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM (1)

 

कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी कोरबी के ग्राम लाद में 70 वर्षीय वृद्धा भगमतिया बाई की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या और चोरी की साजिश रचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों ने वृद्धा के घर में रखे पैसों को लूटने के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद पेटी और बैग में रखे 2 हजार रुपये आपस में बांट लिए थे।

घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बबलू मरकाम पिता स्वर्गीय जयलाल मरकाम, उम्र 24 वर्ष, निवासी छिदवारपारा लाद ने चौकी कोरबी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 नवंबर 2026 की शाम 7 बजे से 20 नवंबर की सुबह 6 बजे के बीच किसी अज्ञात आरोपी ने उसकी मां भगमतिया बाई के गले में नायलॉन की रस्सी कसकर तथा मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या कर दी है।

मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 134/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया तथा अपराध क्रमांक 316/2026 धारा 103(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन लाल पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा रामगोपाल करियारे एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में चौकी कोरबी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतिका के घर में गाय चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आए तथ्यों और पुलिस की जांच के आधार पर इस हत्याकांड की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

500 रुपये लेने के बहाने पहुंचा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी इंद्रपाल अगरिया का मृतिका भगमतिया बाई के घर आना-जाना था। घटना से पहले आरोपी मृतिका से गाय-बैल चराने के काम के बदले 500 रुपये लेने उसके घर पहुंचा था। मृतिका ने अपनी पेटी से निकालकर उसे 500 रुपये दिए। इस दौरान आरोपी इंद्रपाल, उसका परिचित देवकुमार, इंद्रपाल की पत्नी राजकुमारी, मृतिका की बहू और एक अन्य महिला ने साथ बैठकर शराब पी थी।

इसी दौरान आरोपियों को शक हुआ कि भगमतिया बाई की पेटी में काफी रुपये रखे हुए हैं। इसके बाद इंद्रपाल, उसकी पत्नी राजकुमारी और देवकुमार ने मिलकर देर रात चोरी की योजना बनाई।

सोते समय वृद्धा का मुंह दबाया, रस्सी से घोंटा गला

पुलिस के मुताबिक, योजना के अनुसार तीनों आरोपी देर रात भगमतिया बाई के घर पहुंचे। देवकुमार को घर के दरवाजे पर निगरानी के लिए खड़ा कर दिया गया, जबकि इंद्रपाल अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ घर के अंदर दाखिल हुआ।

उस समय भगमतिया बाई सो रही थी। आरोपी इंद्रपाल ने उसका हाथ पकड़कर रखा और उसकी पत्नी राजकुमारी ने वृद्धा के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया तथा पैर पकड़कर रखे। इसके बाद घर में मौजूद पीले रंग की नायलॉन रस्सी से वृद्धा का गला कस दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पेटी और बैग से मिले 2 हजार रुपये, तीनों ने बांटे

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मृतिका की पेटी और बैग की तलाशी ली। वहां रखे करीब 2 हजार रुपये निकालकर तीनों ने आपस में बांट लिए और अपने-अपने घर चले गए। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

पुलिस ने मामले में पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर 22 नवंबर 2026 को इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी और देवकुमार को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोरबी सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार साय, साइबर सेल कोरबा से उप निरीक्षक अजय सोनवानी, आरक्षक आलोक टोप्पो, संजीव एवं सुशीला यादव तथा रक्षित केंद्र एवं चौकी कोरबी से प्रधान आरक्षक 199 संतोष सिंह, आरक्षक 560 रोशन कुमार पाण्डेय, आरक्षक 738 टकेश्वर पटेल, आरक्षक 584 संजय साहू एवं महिला आरक्षक 264 स्वाती रात्रे का विशेष योगदान रहा।

इस हत्याकांड के खुलासे के बाद ग्रामीण क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। महज कुछ हजार रुपये की लालच में एक बुजुर्ग महिला की जान ले लेने की इस घटना ने रिश्तों और इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।

Editor in chief | Website | + posts
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.02 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM (1)
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.03 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button