कोरबा

कबाड़ से लदा ट्रक बस्ती में कैसे पहुंचा? पुलिस की निगरानी पर सवाल

WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.01 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.05 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.06 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM (1)

 

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राताखार के बजरंग चौक में कबाड़ से लदे एक अनियंत्रित ट्रक के घर में घुस जाने की घटना ने शहर में कबाड़ के अवैध कारोबार और पुलिस की निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर भारी मात्रा में कबाड़ लेकर एक ट्रक आबादी वाले इलाके के बीच तक कैसे पहुंच गया और इसकी जानकारी पुलिस को क्यों नहीं मिल पाई?

गौरतलब है कि सोमवार रात राताखार के बजरंग चौक में कबाड़ से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसा था। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। ट्रक की जोरदार टक्कर से घर में मौजूद लोगों की नींद खुल गई और अचानक हुए इस घटनाक्रम से परिवार में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

लेकिन इस दुर्घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल ट्रक में लदे कबाड़ को लेकर खड़ा हो रहा है। जिले में समय-समय पर कबाड़ के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आती रहती है। पुलिस द्वारा कबाड़ कारोबारियों पर कार्रवाई और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के दावे भी किए जाते हैं। इसके बावजूद कबाड़ से लदा भारी ट्रक शहर की बस्ती के बीच तक पहुंच गया। ऐसे में पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।

हादसा नहीं होता तो कहां पहुंच जाता ट्रक?

इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि यदि ट्रक बजरंग चौक में दुर्घटनाग्रस्त नहीं होता तो क्या यह कबाड़ से भरा वाहन बिना किसी जांच-पड़ताल के अपने गंतव्य तक पहुंच जाता? क्या पुलिस को इस बात की जानकारी थी कि शहर के भीतर से कबाड़ से लदे भारी वाहनों का आवागमन हो रहा है? आखिर ट्रक कहां से कबाड़ लेकर निकला था और उसे कहां पहुंचाया जाना था? इन सवालों के जवाब सामने आना अभी बाकी है।

कबाड़ कारोबार पर कार्रवाई के दावों के बीच सवाल

कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व में कबाड़ के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई की जाती रही है। इसके बावजूद यदि बड़ी मात्रा में कबाड़ का परिवहन शहर के भीतर से हो रहा है तो इसकी निगरानी किस स्तर पर की जा रही है, यह जांच का विषय है। क्या संबंधित वाहन के पास कबाड़ परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मौजूद थे? क्या कबाड़ की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड था? क्या इस कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी?

इन तमाम बिंदुओं की जांच जरूरी है। केवल दुर्घटना के कारणों की पड़ताल करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि ट्रक में लदे कबाड़ के स्रोत, उसके परिवहन और संबंधित कारोबारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

अब देखना होगा कि कोतवाली पुलिस इस मामले को केवल सड़क दुर्घटना मानकर कार्रवाई करती है या फिर कबाड़ के परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल भी करती है। राताखार की इस घटना ने एक बार फिर शहर में कबाड़ कारोबार की निगरानी और पुलिस की सक्रियता को लेकर बहस छेड़ दी है।

बड़ा सवाल यही है कि जब जिले में कबाड़ के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की बात कही जाती है, तो फिर कबाड़ से लदे भारी वाहन बस्ती के बीच से गुजरते कैसे हैं?

Editor in chief | Website | + posts
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.02 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM (1)
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.03 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button