सीसीटीवी कैमरे पर कागज चिपकाकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे आरोपी, पुलिस ने गैस कटर, सिलेंडर और दोपहिया वाहन किया जब्त
रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर स्थित सुरेश ज्वेलर्स में चोरी की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से ज्वेलरी दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को कागज से ढक दिया था और गैस कटर की मदद से दुकान का ताला काटने का प्रयास किया था। हालांकि, आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस ने मामले में तीन वयस्क आरोपियों के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक और एक बालिका को पकड़ा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुरेश ढीमन सदर बाजार रायपुर का निवासी है और खमतराई के श्रीनगर में सुरेश ज्वेलर्स नाम से आभूषण की दुकान संचालित करता है। वह 13 नवंबर 2026 की रात दुकान में ताला लगाकर निजी काम से बाहर चला गया था। 18 नवंबर को वापस लौटने पर उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। इस दौरान पता चला कि 17 नवंबर की रात करीब 12 बजे अज्ञात आरोपियों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर कागज चिपकाकर उसे ढक दिया था। इसके बाद गैस कटर की सहायता से दुकान का ताला काटने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी कारणवश आरोपी चोरी की घटना को अंजाम देने में असफल रहे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1256/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305 एवं 62 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप ने अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर आरोपियों की पहचान करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने प्रार्थी और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पतासाजी की गई। इसी दौरान पुलिस को घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर खमतराई निवासी वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में तीनों ने अपने एक साथी बालक और एक बालिका के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में चोरी की कोशिश करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों विधि से संघर्षरत बच्चों की भी पतासाजी कर उन्हें पकड़ लिया।
डकैती के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान प्रकरण में डकैती के प्रयास से संबंधित साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों एवं अपचारियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) भी जोड़ी गई है। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट, चार मोबाइल फोन तथा अन्य वारदात में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1\. वासुदेव सरकार, उम्र 25 वर्ष, निवासी शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, थाना खमतराई, जिला रायपुर।
2\. गुंजन बार पिता, उम्र 18 वर्ष, निवासी नेहरू नगर कॉलोनी, पानी टंकी के पास, माहेश श्रीरामपुर, थाना श्रीरामपुर, जिला हुगली, पश्चिम बंगाल। वर्तमान पता वासुदेव सरकार का मकान, शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
3\. नाज नौशाद सनादी, उम्र 34 वर्ष, निवासी शिवानंद नगर सेक्टर-1, जैना कॉलोनी, थाना खमतराई, जिला रायपुर।
4\. एक विधि से संघर्षरत बालक।
5\. एक विधि से संघर्षरत बालिका।
पुलिस की इस कार्रवाई से ज्वेलरी दुकान में चोरी की बड़ी वारदात टल गई। वहीं, पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
