रतनपुर के ग्राम सिंघरी मुख्य मार्ग पर देर रात हुई घटना, अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज; राष्ट्रीय अध्यक्ष को Y+ सुरक्षा देने की मांग
कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। पथराव इतना जोरदार था कि वाहन के उस हिस्से का कांच टूटकर बिखर गया, जिस ओर विधायक बैठे हुए थे। घटना के दौरान विधायक के साथ मौजूद पीएसओ सुशील कौशिक और वाहन चालक भी सहम गए। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन पर नियंत्रण बनाए रखा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघरी में आयोजित गौरा-गौरी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे रात लगभग 11:30 बजे अपने वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम सिंघरी के मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात तत्व ने उनके वाहन को निशाना बनाते हुए पत्थर फेंका।
बताया जा रहा है कि पत्थर वाहन के सामने की ओर नहीं, बल्कि साइड में उस दरवाजे पर मारा गया, जिस ओर विधायक बैठे हुए थे। पत्थर के जोरदार प्रहार से दरवाजे का कांच टूटकर बिखर गया। अचानक हुई इस घटना से वाहन में बैठे विधायक, उनके पीएसओ सुशील कौशिक और चालक सकते में आ गए। घटना के समय वाहन से लगभग 500 मीटर आगे पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी भी चल रही थी। इसके बावजूद अज्ञात व्यक्ति द्वारा इस तरह पथराव किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सोची-समझी साजिश की आशंका
विधायक के प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विधायक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात में वापस लौट रहे थे, तभी ग्राम सिंघरी मुख्य मार्ग पर उनके वाहन पर पथराव किया गया। जिस तरह वाहन के उस हिस्से को निशाना बनाया गया, जहां विधायक बैठे हुए थे, उससे घटना को सामान्य शरारत मानने के बजाय इसके पीछे किसी सुनियोजित मंशा की आशंका जताई जा रही है।
उनका कहना है कि आखिर देर रात उसी मार्ग पर विधायक के गुजरने का इंतजार कर किस उद्देश्य से पथराव किया गया? यह जांच का विषय है। घटना के पीछे कौन लोग हैं और उनकी मंशा क्या थी, इसका खुलासा होना बेहद जरूरी है।
रतनपुर थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद इस पूरे मामले की शिकायत रतनपुर थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध दर्ज कराई गई है। अब पुलिस के सामने पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने की चुनौती है। विधायक के वाहन को जिस तरह निशाना बनाया गया, उससे उनके समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों में चिंता का माहौल है। समर्थकों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष को Y+ सुरक्षा देने की मांग
घटना को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला महासचिव शेख इस्माइल ने नाराजगी और चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के वाहन पर हुआ पथराव गंभीर मामला है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार और भारत सरकार से राष्ट्रीय अध्यक्ष को Y+ श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों में आंदोलन करेगी।
फिलहाल इस घटना ने विधायक की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में पथराव करने वाले अज्ञात व्यक्ति का पता कब तक चलता है और इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या सामने आती है।

