कोरबा/कटघोरा

NH-130 में दंतैल हाथी ने मचाया उत्पात : वाहनों को दौड़ाया

कोरबा/कटघोरा (ट्रैक सिटी)। कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 130 (NH 130) पर गुरुवार शाम लोनार (दंतैल) हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. मोरगा और चोटिया के बीच कपांनवापारा जंगल के पास शाम करीब 5 बजे हाथी मुख्य मार्ग पर पहुंच गया. हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. लगभग एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

सड़क के बीचों-बीच खड़े होकर हाथी ने आसपास से गुजरने वाले वाहनों की ओर दौड़ लगाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपने वाहनों को पीछे कर सुरक्षित स्थान की ओर भागते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, यह लोनार हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र से कटघोरा वन मंडल में दाखिल हुआ है. हाथी ने ग्रामीण इलाकों में कई घरों को तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया है. आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

हाथी के हाईवे पर आने की सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र का वन अमला और हाथी मित्र दल तत्काल मौके पर पहुंचे. वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर), डिप्टी रेंजर और मैदानी अमले ने हाथी मित्र दल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला. लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सायरन/हूटर के इस्तेमाल के बाद आखिरकार हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ दिया गया. हाथी के जंगल में लौटने के बाद ही नेशनल हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

वन विभाग ने हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल वाले रास्तों पर रात के समय सावधानी बरतने की अपील की है.

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button