कोरबा

अर्ध रात्रि में मिले बालक को भिजवाया गया बाल आश्रयगृह

कोरबा (ट्रैक सिटी)। पागमढ़ से भटककर कोरबा शहर गौमाता चौक सीतामणी में अर्ध रात्रि में मिले बालक को कोतवाली पुलिस ने बाल आश्रय गृह भिजवा दिया है। सिटी कोतवाली टीआई रूपक शर्मा के निर्देशानुसार मातहत पेट्रोलिंग एवं पैदल गश्त में जुटे हुए थे। इसी दौरान सीतामणी, इमलीडुग्गू के मध्य स्थित गौमाता चौक में एक 13 वर्षीय बालक परेशान हालत में इधर से उधर टहल रहा था। उक्त बालक किसी को कुछ बता नहीं रहा था। वहीं गौमाता चौक में कोतवाली में पदस्थ एएसआई ईश्वरी प्रसाद लहरे अपने हमराह स्टाफ के साथ पेट्रोलिंग में पहुंचे तो पूछताछ के दौरान उक्त बालक के संबंध में जानकारी मिली।
एएसआई श्री लहरे ने तत्काल इसकी जानकारी सिटी कोतवाली टीआई रूपक शर्मा को देने के साथ ही उनसे मार्गदर्शन लेकर उपरोक्त बालक को कोतवाली ले आए। यहां टीआई रूपक शर्मा द्वारा पूछताछ करने पर उक्त बालक ने अपना नाम लोचन प्रसाद साहू उम्र 13 वर्ष पिता हीरालाल साहू निवासी इंदिरा नगर पामगढ़ जिला जांजगीर-चांपा बताया।
उक्त बालक ने पुलिस को जानकारी दी कि उसकी मां की मृत्यु उसके होशो-हवास में आने से पहले ही हो गई थी। जब कुछ बड़ा हुआ तो उसके पिता हीरालाल साहू ने दूसरी शादी कर ली और उसे दादा-दादी के पास छोड़ दिया। दादा-दादी के काफी बुजुर्ग हो जाने के कारण परवरिश नहीं होने से परेशान होकर वह स्वयं कुछ करने के लिए निकल पड़ा। यह पूरी स्थिति समझने के बाद टीआई श्री शर्मा ने बालक को आश्रय गृह भेजने के साथ पामगढ़ पुलिस को इस बारे में जानकारी दी है ताकि परिजन आगे की प्रक्रिया पूरी कर सके।

Editor in chief | Website |  + posts
Back to top button